उरई रेलवे स्टेशन बनेगा मॉडल स्टेशन

उरई रेलवे स्टेशन बनेगा मॉडल स्टेशन

उरई - 05-01-2012

रेलवे ने वर्ष 2010 में उरई रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन बनाने की घोषणा की थी और इसके लिए वर्ष 2011 में चार करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। रेलवे स्टेशन पर दूसरा ओवर ब्रिज बनाने का काम शीघ्र करवाये जाने का विचार है। इसी के साथ दो करोड़ रुपये के बजट से मल्टीपर्पज मिनी मॉल और नया चिकित्सालय बनना अभी बाकी है।

मतदाताओं ने चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान

मतदाताओं ने चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान

बेलाताल-महोबा - 05-01-2012

बेलाताल के महुबागांध के वासियों ने नेताओं की वादाखिलाफी और बेरुखी से त्रस्त होकर एक बैठक करके यह निर्णय लिया है कि वे सभी लोग इन आम चुनावों से खुद को बाहर रखेंगे। बारह हजार की आबादी वाले इस गांव में 3700 मतदाता हैं और सभी ने अपने आपको चुनाव से बाहर रखने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के बाद गांव के एक छोर से दूसरे छोर तक काले झंडे लटका दिये गये हैं।

गौरीशंकर ही रहे भाजपा प्रत्याशी

गौरीशंकर ही रहे भाजपा प्रत्याशी

उरई - 04-01-2012

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने बुन्देलखण्ड की उरई सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। यहां से पार्टी के पुराने कार्यकर्ता गौरीशंकर वर्मा को ही टिकट दिया गया है। ऐसी चर्चा गरम थी कि बसपा से अभी हाल ही में भाजपा में शामिल रहे विजय चौधरी को टिकट दिया जाना तय है। इस बात का पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा व्यापक विरोध किया गया कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करके आयातित लोगों को टिकट न दिया जाये। पार्टी हाईकमान ने विरोध को देखते हुए यहां से गौरीशंकर वर्मा को ही प्रत्याशी बनाया है।

कालपी सीट को लेकर भी संशय की और विरोध की स्थिति बनी हुई है। यहां से चर्चा है कि बसपा के बर्खास्त मंत्री हरिओम उपाध्याय भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं और कालपी से प्रत्याशी भी बनेंगे।

प्रधान-पुत्र ने की प्रधानाध्यापिका से बदसलूकी

प्रधान-पुत्र ने की प्रधानाध्यापिका से बदसलूकी

उरई - 04-01-2012

ग्राम पंचायत रिनियां के प्रधान-पुत्र ने डीपीआरओ के सामने ही प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के साथ गालीगलौज और उनके पति के साथ मारपीट की। इस सम्बन्ध में कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। बताया गया है कि मिड डे मील में हिस्सा बांट करवाने को लेकर प्रधान की ओर से प्रधानाध्यापिका पर दबाव बनाया जाता रहता है और इसी का विरोध करने पर प्रधान-पुत्र ने उनके साथ बदतमीजी की। बदसलूकी करने पर प्रधानाध्यापिका के पति ने आकर बीचबचाव किया ता प्रधान-पुत्र ने उसके साथ मारपीट की। हद तो इस बात की है कि सारा घटनाक्रम डीपीआरओ के सामने हुआ।

विद्युत विभाग पर जुर्माना

विद्युत विभाग पर जुर्माना

बांदा - 04-01-2012

जिला उपभोक्ता संरक्षण अदालत ने एक मामले में विद्युत विभाग पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया है। बांदा शहर के जवाहर नगर की रेखा यादव ने अपने खराब मीटर के बदलने के बाद आ रहे बिलों को समायोजित करने की बात विभाग से कही थी किन्तु विभाग द्वारा कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। इस कारण से उन्होंने वर्ष 2010 में फोरम अदालत में परिवाद दायर कर दिया था। इस पर सुनवाई करते हुए फोरम ने विभाग पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया साथ ही निर्देश दिया कि 19 जुलाई 2007 से अभी तक के समस्त बिलों को निरस्त करके उपभोग के अनुसार नये बिल जारी किये जायें।

शिकायत हेतु जनसुविधा केन्द्र

शिकायत हेतु जनसुविधा केन्द्र

उरई - 03-01-2012

जिला निर्वाचन कार्यालय, जालौन स्थान उरई को अभी तक टोल फ्री नम्बर उपलब्ध नहीं हो पाया है जिस पर कि चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज करवाई जा सके। इस सम्बन्ध में प्रभारी जिलाधिकारी सुरेन्द्र विक्रम ने बताया कि जनसुविधा केन्द्र के 256666 और 257777 पर आचार संहिता उल्लंघन सम्बन्धी शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं। ये शिकायतें छांटकर अलग कम्प्यूटर में भेजने हेतु एक साफ्टवेयर बनाया गया है।